दिल्ली इन दिनों मुश्किल दौर से गुजर रही है। शहर भर में पानी भर रहा है, जबकि बारिश न के बराबर हो रही है। दिल्ली के पीडबल्यूडी विभाग और नगर निगम, जिनके मालिक अरविन्द केजरीवाल और उनके मंत्री हैं, केवल सत्ता के नशे में चूर हैं। इस प्रशासनिक लापरवाही का खामियाजा दिल्ली की जनता को भुगतना पड़ रहा है।
दिल्ली में गंदे पानी की समस्या, सफाई व्यवस्था की कमी,भरे हुए नाले, सीवर व्यवस्था की विफलता और बिजली के बिलों में बढ़ोतरी ने शहरवासियों का जीवन कठिन बना दिया है। हाल ही में, करंट लगने से एक बच्चे की मौत हो गई थी और एक बिल्डिंग में पानी भरने से तीन बच्चों की मौत हो गई। मेरी नजर में ये मौतें नहीं, बल्कि हत्याएं हैं, और इसके लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल और पीडब्ल्यूडी मंत्री आतिशी को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।
वर्तमान में जो सीवर और नाले रुके हुए हैं, उनका पानी मकानों की नींव में जा रहा है, जिससे मकानों के गिरने का खतरा बढ़ गया है। जब ये हादसे होंगे, तो ये लोग जनता को दोषी बना देंगे। यह समय है कि दिल्ली सरकार जिम्मेदारी ले और तुरंत कदम उठाए ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।
दिल्ली की जनता को इन मुद्दों पर जागरूक होना चाहिए और अपनी आवाज बुलंद करनी चाहिए, ताकि प्रशासनिक लापरवाही का अंत हो और दिल्ली एक सुरक्षित और स्वच्छ शहर बन सके।
लता गुप्ता
प्रदेश उपाध्यक्ष
भाजपा